
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन का चुनावी माहौल गर्माता जा रहा है. बुधवार को सत्ता पक्ष के आर रवि प्रसाद, अरविंद पांडेय, शाहनवाज आलम एवं शैलेश सिंह गुट के कमिटी मेंबर की एक बैठक हुई. इस बैठक में विपक्ष के कुछ कमेटी मेंबरों द्वारा टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष भगवान सिंह के ऊपर अनर्गल और तथ्यहीन आरोप की कड़ी निंदा की गई. गौरतलब है कि विपक्ष के जिन कमिटी मेंबरों ने यह आरोप लगाए हैं उनमें संजीव तिवारी जो कि वर्तमान में बिस्टुपुर क्लब हाउस संचालन कमेटी के मेंबर हैं, और कुछ सालों के सर्विस पीरियड में ही कमिटी मेंबर बनते ही टाटा वर्कर्स यूनियन के उच्च पदाधिकारियों से सेटिंग करके बिस्टुपुर एरिया में बड़े घर में कब्जा जमाए बैठे हैं, जिस की पात्रता नहीं है. बिस्टुपुर क्लब हाउस का संचालन यदि सही तरीके से नहीं हो रहा था तो यह बातें आज क्यों याद आ रही है. बैठक में कमेटी मेंबरों ने यह भी कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं गया है और वह निजी आरोप लगा रहे हैं और केवल भ्रम फैला रहे है. जहां तक बिष्टुपुर क्लब हाउस की बात है तो यह क्लब को यूज करने वाले सभी लोग जानते हैं कि भगवान सिंह के क्लब अध्यक्ष बनने से पहले बिस्टुपुर क्लब हाउस की क्या स्थिति थी तथा भगवान सिंह के ही मेहनत के द्वारा आज तक क्लब हाउस की स्थिति क्या है. बैठक में कमेटी मेंबरों ने कहा हम लोगों को इस चक्कर में नहीं रहना है और कर्मचारियों की भलाई के लिए ही काम करना है, तथा एकजुट होकर मजबूती से चुनाव के मैदान में उतरना है. बैठक में कमिटी मेंबर जेपी लंका, एम एल पटेल, पल्लव शर्मा, अजय कुमार कुमार सहित कई कमेटी मेंबर उपस्थित थे.



