
जमशेदपुर : वीमेंस कॉलेज की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) शुक्ला महांती ने बुधवार की सुबह 11:30 बजे से गृह विज्ञान और क्लिनिकल न्यूट्रिशन विभाग तथा दोपहर 1:00 बजे से अर्थशास्त्र विभाग की छात्राओं से गूगल मीट एप के जरिए बातचीत की। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से कहा कि कोरोना संक्रमण के इस दौर में सबकी भूमिका महत्वपूर्ण है। इसलिए आवश्यक है कि आप अपने आप को मानसिक रूप से मजबूत बनाकर रखें। साथ ही अपने परिजन का भी ध्यान रखें। परीक्षाएं अब हम ऑनलाइन मोड से लेने की प्रक्रिया में हैं। यह टेस्टमोज (Testmoz) एप्लीकेशन के माध्यम से आयोजित होगा। मौके पर उन्होंने इस एप्लिकेशन की कार्यप्रणाली से भी उनको परिचित कराया और आश्वस्त किया कि इसके बारे में छात्राओं को उनकी विभागाध्यक्ष भी अवगत कराएंगी और मॉक टेस्ट आयोजित करके उनको इसके लिए पूरी तरह से अभ्यस्त कराएंगी।

उन्होंने बताया कि प्रश्न-पत्र का मॉड्यूल कॉलेज की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है। छात्राएँ नियमित रूप से वेबसाइट देखती रहें। छात्राओं ने अपनी जो भी समस्याएं प्राचार्या को बतायीं उन्होंने यथासंभव तत्काल उसका समाधान किया और भरोसा दिलाया कि आगे भी किसी भी तरह की समस्या होने पर विभागाध्यक्ष, कॉलेज के कोविड 19 सेल और मुझसे निस्संकोच संपर्क करें। इस दौरान गृह विज्ञान विभाग के सभी सेमेस्टर एवं क्लिनिकल न्यूट्रीशन विभाग के स्नातक सेमेस्टर 6 तथा स्नाकोत्तर सेमेस्टर 4 की कुल 176, अर्थशास्त्र विभाग की स्नातक सेमेस्टर 6 व स्नाकोत्तर सेमेस्टर 4 की 200 से अधिक छात्राओं सहित डॉ किश्वर आरा, परीक्षा नियंत्रक डॉ रमा सुब्रमण्यम, डॉ डी. पुष्पलता, संचिता गुहा आदि जुड़े। परीक्षा विभाग से ज्योतिप्रकाश महांती और बी. विश्वनाथ राव ने तकनीकी सहयोग किया।






