
जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा संचालित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) का नये सिरे से विस्तार होगा. लेकिन पहले कोरोना से लड़ाई लड़ी जायेगी. पहले और दूसरे वेभ में जिस तरह की लड़ाई टीएमएच ने लड़ी है, वह ऐतिहासिक है और तीसरे वेभ की लड़ाई के लिए भी तैयार है, जिसके लिए टाटा स्टील हर संभव सहयोग देती रही है और आगे भी देती रहेगी. यह बातें टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने कहीं. श्री नरेंद्रन नये साल के स्वागत के मौके पर टीएमएच के दौरे पर गये थे. उनके साथ टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु मौजूद थे. इन दोनों ने टीएमएच के जीएम डॉ सुधीर राय और सलाहकार डॉ राजन चौधरी के साथ मिलकर केक काटा. इस मौके पर उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों और चिकित्सकों का हौंसला बढ़ाया. टाटा स्टील के एमडी ने कहा कि जहां लोगों को कोरोना में इलाज संभव नहीं हो पा रहा था, ऐसी परिस्थितियों में टीएमएच ने 1000 बेड वाला अस्पताल को संकट के दौर में सुचारु रुप से संचालित किया और सीमित संसाधनों में बेहतर व्यवस्था देने की कोशिश की. जहां बाहर में लोग इलाज की महंगाई से परेशान थे, वहीं टीएमएच ने सस्ता और सुलभ इलाज लोगो को पहुंचाया है. इस दौरान टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने भी टीएमएच के कर्मचारियों और चिकित्सकों की तारीफ की और कहा कि टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए अस्पताल को बनाया गया था, लेकिन इसका लाभ शहरवासियों को भी मिलता है. यह शहर का नहीं बल्कि पूर्वोत्तर भारत में बेहतर इलाज देने वाला अस्पताल के रुप में जाना जाता है, लेकिन पहले टाटा स्टील के कर्मचारियों को प्राथमिकता के तौर पर इलाज मिलना चाहिए, फिर सबकी भी सेवा की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि कमी और खामियां गिनाने का वक्त नहीं है बल्कि लड़कर कोरोना को हराने का है, जिसमें यूनियन पूरी तरह साथ है. इस मौके पर टाटा स्टील के वीपी सीएस चाणक्य चौधरी, वीपी एचआरएम अतरई सरकार, टाटा वर्कर्स यूनियन के महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे.
टाटा स्टील के इन जगहों पर नये साल का हुआ स्वागत
टाटा स्टील के चार स्थानों पर केक कटिंग समारोह आयोजित किया गया. इसके तहत टाटा स्टील के इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट डिपार्टमेंट में वीपी अवनिश गुप्ता, ने नये साल के स्वागत में केक काटा. इस मौके पर टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे. इसके अलावा स्टील मैनुफैक्चरिंग विभाग में वीपी चैतन्य भानु ने केक काटा. इस समारोह में भी यूनियन के पदाधिकारी मौजूद थे. इसके अलावा जेआरडी टाटा स्पोटर्स कांप्लेक्स में वीपी चाणक्य चौधरी ने केक काटा. इस मौके पर खेल विभाग के तमाम पदाधिकारी मौजूद थे.













