
जमशेदपुर : मंगलवार को ट्यूब मेकर्स क्लब के कर्मचारियों के लिए वर्ष 2019-20 का सालाना बोनस समझौता क्लब प्रबंधन और द होटल कैंटीन एंड रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के बीच संपन्न हुआ. समझौते के मुताबिक कर्मचारियों को वर्ष 2019-20 के लिए 8.33 फ़ीसदी बोनस का भुगतान किया जाएगा. साथ ही साथ एक्सग्रेशिया के रूप में 2000 रुपये की राशि दी जाएगी. ज्ञात हो कि विगत 8 महीने से क्लब पूरी तरह से बंद है और क्लब की वित्तीय स्थिति बहुत ही खराब है. बावजूद इसके यूनियन के आग्रह पर क्लब प्रबंधन ने 8.33% बोनस और 2000 रुपये की एक्स एक्सग्रेशिया की राशि देने पर सहमति प्रदान की. कर्मचारियों को दी जाने वाली बोनस की न्यूनतम राशि 12509 रुपए और अधिकतम राशि 18820 होगी. बोनस का भुगतान अगले कुछ दिनों में कर दिया जाएगा. बोनस पर हस्ताक्षर करने वालों में क्लब प्रबंधन की ओर से अध्यक्ष उज्जवल चक्रवर्ती, उपाध्यक्ष नीलांजन विश्वास, सेक्रेटरी दिनकर आनंद और कोषाध्यक्ष पीयूष कुमार जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, डिप्टी प्रेसिडेंट बीके डिंडा, उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव, महामंत्री ददन सिंह, कमेटी मेंबर बीआर मिश्रा, पुलक मैंती ने हस्ताक्षर किए.






