
चाकुलिया : चाकुलिया वन क्षेत्र के विभिन्न गांव में वन सुरक्षा समिति की गठन कर महिलाएं जंगलों की सुरक्षा में जुटी हुई हैं. महिलाएं दिन रात जंगलों में जाकर पहरेदारी करती हैं तब जाकर चाकुलिया वन क्षेत्र में वनों की सुरक्षा हो पाती है. महिलाओं के इस कार्य को प्रोत्साहन देने के लिए झारखंड सरकार ने चाकुलिया की दो वन सुरक्षा समितियों को प्रोत्साहन राशि दी है. चाकुलिया की बुढ़ाठाकुरा-मिश्रीकाटा वन सुरक्षा समिति को प्रमंडल स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है. समिति की अध्यक्ष सोमवारी मुर्मू को 200000 रुपये का चेक रेंजर अशोक सिंह ने प्रदान किया. वहीं तीसरा स्थान पाने वाली भालुकबिंदा वन सुरक्षा समिति की अध्यक्ष सुमित्रा महतो को 100000 रुपये का चेक देकर प्रोत्साहित किया गया. चाकुलिया में दो वन सुरक्षा समितियों को सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि देकर पुरस्कृत करने के बाद अन्य वन सुरक्षा समितियों के सदस्यों में हर्ष है. इस अवसर पर रेंजर अशोक सिंह ने कहा कि समितियों द्वारा बेहतर ढंग से गांव की जंगल को सुरक्षित करने के लिए सरकार द्वारा उन्हें प्रोत्साहित राशि दी गयी है. सरकार द्वारा किया गया यह पहल सराहनीय है.इससे अन्य वन सुरक्षा समितियों में वनों की सुरक्षा के प्रति तत्परता बढ़ेगी. इस अवसर पर फोरेस्टर बुद्धदेव कुमार, वनरक्षी बलराम सिंह मुंडा, अमित सेन महतो, अरुण कुमार, तापस राय समेत अन्य लोग उपस्थित थे.







