रामगोपाल जेना / चाईबासा:पश्चिम सिंहभूम जिले के उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार सोमवार को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालय में आधार सुधार कैंप का आयोजन किया गया. जिसमें संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी और संबंधित एमओआईसी सहित प्रखंड स्तरीय कर्मचारी मौजूद थे.(नीचे भी पढ़े)
कैंप में ऐसे बुजुर्ग जिनकी वास्तविक उम्र 60 वर्ष से अधिक है, परंतु आधार में उनकी उम्र 60 वर्ष से कम अंकित हैं, उनकी शारीरिक जांच एमओआईसी तथा संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा आयोजित कैंप में किया जा रहा है. जांच के उपरांत एमओआईसी स्तर पर या भौतिक सत्यापन के उपरांत प्राप्त परिणाम को संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को प्रेषित किया जाएगा तथा अनुमंडल पदाधिकारी आवेदन को यूआईडीएआई फार्मेट में स्वीकृत कर वापस प्रखंड विकास पदाधिकारी को भेजेंगे. अनुमंडल पदाधिकारी की मंजूरी के पश्चात एवं आवेदन पुनः प्रखंड कार्यालय में प्राप्त होने के बाद लाभार्थी को प्रखंड स्तरीय अस्थाई आधार केंद्र पर जन्मतिथि सुधार के लिए उनका फिंगरप्रिंट लगाने के लिए बुलाया जाएगा और उनका उम्र आधार कार्ड में सुधार दिया जाएगा.(नीचे भी पढ़े)
आधार में सही उम्र अंकित होने के उपरांत बुजुर्ग महिला या पुरुष को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त हो सकता है. संबंधित कैंप जिले के सभी प्रखंड मुख्यालय में हफ्ते के प्रत्येक सोमवार को आयोजित किया जाएगा.



