चाईबासा : बुधवार को मनोहरपुर-रांची मार्ग स्थित घाटबाज़ार के समीप सड़क हादसे में साइकिल सवार पति, पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गये. यह घटना आनंदपुर थाना क्षेत्र के सीमांचल क्षेत्र से सटे बानो थाना अंतर्गत घाटबाजार के समीप हुई. गंभीर रूप से घायल पति, पत्नी को प्राथमिक उपचार के लिए बानो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान पति की मौत हो गई, वहीं गंभीर रूप से घायल पत्नी का इलाज बानो अस्पताल में चल रहा है. टेहना बड़ाईक (50) एवं सुमित्रा बड़ाईक (40) मनोहरपुर थाना अंतर्गत साइडिंग निवासी बताये जाते हैं. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल दोनों पति, पत्नी अपने ससुराल बानो थाना अंतर्गत साहूबेड़ा गांव में रह रहे थे. बुधवार को वे दोनो साहूबेड़ा से अपनी साइकिल से घाटबाजार हाट करने आया हुए थे. हाट बाजार कर वापस साहूबेड़ा गांव लौटने के क्रम में एक अज्ञात वाहन के धक्के से दोनो गंभीर रूप से घायल हो गये. दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए एंबुलेंस 108 के मदद से बानो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उपचार के दौरान पति की मौत हो गई तथा खबर लिखे जाने तक गंभीर रूप से घायल पत्नी सुमित्रा बड़ाईक का बानो अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं इस घटना को लेकर बानो पुलिस मामला दर्ज कर अगली कारवाई में जुट गई है.








