रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर:लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर चक्रधरपुर में तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही है. शहर के विभिन्न नदी घाटों पर साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, मरम्मत और आकर्षक विद्युत सजावट का काम युद्धस्तर पर चल रहा है. इस वर्ष सीढ़ी नदी घाट पर आयोजित होने वाली भव्य गंगा आरती श्रद्धालुओं और शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी. छठ पर्व को भव्य, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए केंद्रीय छठ पूजा समिति के साथ नगर परिषद और स्थानीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.इसी क्रम में मंगलवार को स्थानीय विधायक एवं केंद्रीय छठ पूजा समिति के मुख्य संरक्षक सुखराम उरांव ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया. उन्होंने घाटों पर चल रहे साफ-सफाई और अन्य तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित लोगों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली.उन्होंने पर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने पर जोर दिया.(नीचे भी पढ़े)

इस वर्ष सीढ़ी नदी घाट को विशेष रूप से सजाने की तैयारी है. घाट की सीढ़ियों की रंगाई-पुताई, फूलों से सजावट, आकर्षक लाइटिंग और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. सबसे खास आकर्षण भव्य गंगा आरती होगी, जो छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और धार्मिक वातावरण का अनुभव कराएगी.छठ पूजा के साथ कार्तिक पूर्णिमा को लेकर भी केंद्रीय समिति ने विशेष तैयारी की है. दोनों अवसरों पर नदी घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा और प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाएगी. समिति का उद्देश्य है कि शहर के सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिले. इस मौके पर समिति के शेष नारायण लाल, संजय पासवान, परमेन्द्र सिंह, अशोक दास, अप्पू, राजेश गुप्ता, अश्वनी अभय साव सहित पूरी टीम मौजूद रही.












