नोवामुंडी : नोवामुंडी, गुवा, मनोहरपुर और झींकपानी को नगर पंचायत बनाने के प्रस्ताव के विरोध में मानकी-मुंडा संघ ने मोर्चा खोल दिया है. कोल्हान-पोड़ाहाट, नोवामुंडी अंचल समिति के बैनर तले मंगलवार को नोवामुंडी प्रखंड परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है. इसमें विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से पहुंचे मानकी-मुंडा पारंपरिक व्यवस्था और ग्रामीणों के हितों का हवाला देते हुए प्रस्ताव का विरोध कर रहे हैं.धरना के दौरान चार सूत्री मांगों को लेकर आवाज बुलंद की गयी. इसमें चारों क्षेत्रों को नगर पंचायत बनाने के प्रस्ताव को वापस लेने, डीएमएफटी फंड में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने, नोवामुंडी बाजार से अतिक्रमण हटाने और सामुदायिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग शामिल है.(नीचे भी पढ़े)
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्थानीय जनभावनाओं, ग्रामीणों के हितों और पारंपरिक व्यवस्था की अनदेखी कर कोई फैसला नहीं थोपा जाना चाहिए. नगर पंचायत बनाने के प्रस्ताव पर निर्णय लेने से पहले संबंधित क्षेत्रों के लोगों की राय और उनकी चिंताओं को गंभीरता से समझना जरूरी है.वक्ताओं ने डीएमएफटी फंड में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की. इसके साथ ही नोवामुंडी बाजार में अतिक्रमण की समस्या दूर करने और सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई कराने पर जोर दिया.मानकी-मुंडा संघ ने प्रशासन से चारों मांगों पर गंभीरता से विचार करने और जल्द सकारात्मक पहल करने की अपील की है. धरना में विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से पहुंचे मानकी-मुंडा अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं.












