रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने बुधवार को तांतनगर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उपायुक्त ने पूरे विद्यालय परिसर का भ्रमण कर वहां उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत जानकारी विद्यालय के प्राचार्य/वार्डन से प्राप्त की. अवलोकन के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय में अलग-अलग कक्षाओं के अलावा साइंस लैब, कंप्यूटर लैब, आइसीटी लैब, पुस्तकालय तथा उपलब्ध किताबों एवं भोजनालय एवं तैयार भोजन की गुणवत्ता आदि का जायजा लेते हुए विद्यालय प्रबंधन को सभी उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

इस क्रम में उपायुक्त ने पुस्तकालय में पुस्तकों के व्यवस्थित तरीके से रख-रखाव तथा उपलब्ध पुस्तकों की जानकारी को समेकित रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, साथ ही, सभी कक्षों की नाम पट्टिका सुनिश्चित करने व भोजन तैयार कर रही सहायिकाओं को विशेष प्रशिक्षण दिलाने का भी निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अलग-अलग कक्षाओं में अध्यनरत छात्राओं से संबंधित विषयों के संबंध में बातचीत भी की. इस दौरान उन्होंने छात्राओं के साथ विज्ञान से संबंधित कई जानकारियां भी साझा की. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान उपायुक्त एवं अन्य पदाधिकारियों ने विद्यालय की बच्चियों के साथ ही विद्यालय में तैयार दोपहर का भोजन भी किया. विद्यालय के निरीक्षण के समय उपायुक्त के साथ उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, चाईबासा सदर अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा व जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो, तांतनगर प्रखंड विकास पदाधिकारी पवन आशीष एवं अन्य भी मौजूद रहे.



