
चाईबासा : पिछले 19 व 20 अक्तूबर की रात गुवा एंव ससंग्दा (किरीबुरु) वन प्रक्षेत्र की वन विभाग की टीम ने छोटानागरा पुलिस के सहयोग से सारंडा से लकडियों की अवैध तस्करी करते एक पिकअप वैन (जेएच 05सीटी-5042) को साल की सोलह पीस पटरा, तीन पीस गम्हार के स्लीपर व सोलह पीस बांस के साथ जब्त किया था। तब वाहन का चालक अंधेरा का लाभ उठा बीस फीट गहरे गड्ढे में कूद भाग गया था। इस मामले में से जुड़े दो लोगों को वन विभाग की टीम पकड़ कर वन विभाग कार्यालय किरीबुरु लेकर आयी थी। बाद में संदिग्ध परिस्थिति में उन दोनों को छोड़ दिया गया। जो चर्चा का विषय बना हुआ है।
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार वन विभाग द्वारा जिन दो लकड़ी तस्करों के सहयोगी को पकडा़ गया था उसमें मो वसीम व एक अन्य ने किरीबुरु वन विभाग कार्यालय में वन विभाग द्वारा पूछताछ एंव स्वीकारोक्ति व्यान में बताया था कि वह मझगांव निवासी छोटे उर्फ आबिद सदाना के कहने पर उक्त पिकअप (जेएच 05सीटी-5042) के चालक साहिद अहमद के साथ छोटानागरा लकड़ी लोड करने आया था। इस काम में हमारी मदद के लिये स्वंय छोटू उर्फ आबिद सदाना अपने दो साथी इजहारुल एंव यसूद्दीन के साथ हीरो सुपर स्पिलेंडर मोटरसाइकल पर बैठकर साथ आये थे। वन विभाग द्वारा जाँच के क्रम में उन्होनें बताया कि सैडल चौक के पास हमारी गाड़ी को रोका गया एवं हमें गिरफ्तार कर वन विभाग कार्यालय लाया गया। प्रशिक्षु आईएफएस प्रजेश जेना से भी उस वक्त दो लोगों की गिरफ्तारी के बाबत सवाल किया गया था जिसे वह पूरी तरह से इन्कार करते हुये बताया था कि चालक बीस फीट गहरे गड्ढे में कूद तथा वाहन को स्कॉट कर रहे मोटरसाइकल सवार आदि सभी आरोपी अंधेरा का लाभ उठा भाग गये। हालांकि छापेमारी टीम में वह स्वयं नहीं थे। इस संबंध में वन विभाग पदाधिकारी कमलेश्वर प्रसाद सिन्हा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी मुझे नहीं है और इसकी मैं जांच कर रहा हूं दोनों आरोपियों को बॉन्ड पेपर पर लिखवा कर छोड़ दिया गया है।














