चाईबासा : नक्सलियों द्वारा कोल्हान के जंगलों में लगाये आइईडी बम की चपेट में आने से एक और व्यक्ति की मौत हो गई है. बीते एक माह के अंदर यह तीसरी घटना है, जिसमें नक्सलियों द्वारा जंगल में लगाये गये आइईडी बम की चपेट में आने से मौत हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
लकड़ी लाने जंगल गया था युवक
जिले के गोइलकेरा के मेरालगढ़ा गांव के पास स्थित जंगल में लकड़ी लाने गया हरीश चंद्र गोप नामक युवक नक्सलियों द्वारा लगाये गये आइईडी बम की चपेट में आ गया. आइईडी में विस्फोट होने के कारण हरीश चद्र गोप की तत्काल मौत हो गयी. इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि हरीश मंगलवार सुबह लकड़ी लेने जंगल की ओर गया हुआ था. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों के सहयोग से निकाला गया मृतक का शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मृतक के शव को घटना स्थल से निकाला. एसपी ने बताया कि कोल्हान क्षेत्र में पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा कोल्हान क्षेत्र में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है जिससे नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है. उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों को क्षति पहुंचाने के लिए ही नक्सलियों की ओर से आइइडी का प्रयोग किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आईईडी विस्फोट में ग्रामीणों को लक्षित कर हमला करना नक्सलियों की एक कायराना हरकत है. झारखण्ड पुलिस आम जनता की सेवा में सदैव तत्पर है और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए पुलिस का सघन नक्सल विरोधी अभियान जारी रहेगा.(नीचे भी पढ़ें)
नक्सलियों ने पेड़ काट कर लगाये पोस्टर-बैनर
एसपी ने बताया कि नक्सलियों ने सोमवार देर रात गोइलकेरा ग्राम आराहासा के पास सड़क जाम करने के लिए एक पेड़ काट कर गिरा दिया था एवं पेड़ पर बैनर-पोस्टर लगा दिये थे. यह स्थान रेंगाड़बेड़ा गांव के पास है. उन्होंने बताया कि साथ ही मुख्य सड़क इचाहातु में कुछ तार व बक्से पड़े मिले थे. इसमें आइइडी होने की सूचना थी, लेकिन पुलिस की जांच में कोई आइइडी नहीं मिला. यह स्थान इचाहातु कुइड़ा और सोयतबा सीआरपीएफ कैंप के बीच में है. उक्त सूचना पर सुरक्षा बलों के द्वारा अग्रेतर कार्रवाई करते हुए दोनों मार्ग से अवरोधक को कटा दिया गया है.











