
चाईबासा: मझगांव के विधायक निरल पूर्ति के आवास चिड़ियापहाड़ी में रविवार से धरने पर बैठे होमगार्ड जवानों ने सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अनंत कुमार को मुख्यमंत्री के नाम आवेदन देकर दो दिवसीय धरना समाप्त किया. विधायक निरल पूर्ति ने दूरभाष पर कहा कि वे विधानसभा समिति की बैठक में भाग लेने रांची आये हैं. उन्होंने कहा की कल 4 महिला एवं 5 पुरुषों का एक प्रतिनिधिमंडल बनाकर 10 बजे सुबह उनके चिड़ियापहाड़ी स्थित आवास में मिले. विदित हो कि दो दिन से होमगार्ड के जवान अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चिड़ियापहाड़ी स्थित विधायक आवास में धरना पर बैठे थे. होमगार्ड के जवान बिहार राज्य के होमगार्ड जवानों की तर्ज पर झारखंड के होमगार्ड जवानों को भी सभी तरह के लाभ देने की मांग की. जैसे प्रति दिन मानदेय 744 रुपए, कर्मचारी भविष्य निधि, ड्यूटी नियमित, बगैर जांच पड़ताल एवं स्पष्टीकरण पूछे बगैर सेवा मुक्त किए गए होमगार्ड जवानों को सेवा वापस करने, ड्यूटी के दौरान मृत्यु पर 2 लाख के बजाय 4 लाख देने की मांग शामिल है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को उन्होंने यह भी याद दिलाने का प्रयास किया कि चुनाव पूर्व सोहराय भवन हरमू में संविदा संवाद के दौरान आपके द्वारा संकल्प लिया गया था कि जब हेमंत सरकार बनेगी तो जवानों की सभी मांग पूरी की जाएगी. लेकिन सरकार बनने के बाद वादाखिलाफी की जा रही है.







