रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस ने जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 702000 रुपये का अवैध कफ सिरप जब्त किया है. पुलिस ने एक 407 मालवाहक वाहन से 3600 वनरेक्स कफ सिरप बरामद किया, जिसे रांची से लोड कर जैंतगढ़ ले जाया जा रहा था. जब्त कफ सिरप की कीमत 7 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है. पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया है, जिनमें राजेंद्र प्रधान, अमरदीप लागुरी और सुनील तिर्की शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
गिरफ्तार तीनों आरोपियों में राजेंद्र प्रधान (37 वर्ष) आनंदपुर निवासी केसर प्रधान का पुत्र है, जबकि अमरदीप लागुरी (31 वर्ष), जगन्नाथपुर थानांतर्गत तोड़ांगहातु निवासी बुधराम लागुरी का पुत्र एवं सुनील तिर्की (28 वर्ष) आनंदपुर थाना क्षेत्र के चारबंदिया गांव निवासी प्रेम तिर्की का पुत्र हैं. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित छापामार दल ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया. पुलिस मामले की अग्रेतर जांच में जुट गई है.











