मनोहरपुर: कुंडुख सरना जागरण मंच मनोहरपुर-आनंदपुर प्रखंड के तत्वावधान में शुक्रवार को आनंदपुर के डाक बंगला स्कूल मैदान में करम पूर्व संध्या महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मनोहरपुर विधायक जगत माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक जगत माझी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद विभिन्न गांवों से पहुंची महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर करम पर्व की सांस्कृतिक छटा बिखेरी. पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य से पूरा परिसर उत्सवी माहौल में रंग गया.मौके पर विधायक जगत माझी ने सभी लोगों को करम पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी समाज के विकास और मजबूती के लिए एकजुटता सबसे महत्वपूर्ण है. कुंडुख सरना समाज में यह एकजुटता और अपनी संस्कृति के प्रति प्रेम स्पष्ट रूप से दिखाई देता है. उन्होंने कहा कि करम पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज की परंपरा, संस्कृति, प्रकृति और सामूहिक जीवन मूल्यों को आगे बढ़ाने का पर्व है. ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ती है. (नीचे भी पढे)
उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति केवल आर्थिक विकास से नहीं होती, बल्कि शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक एकता और युवाओं की भागीदारी से भी समाज मजबूत होता है. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने तथा युवाओं को अपनी संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का आह्वान किया.कार्यक्रम के दौरान मैट्रिक एवं इंटर की परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. विधायक ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज के भविष्य को मजबूत करने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है. करम पूर्व संध्या महोत्सव में गुड़गांव, बोड़ता, सतवमडी, कोलेडा, झारबेड़ा, खुदीपोस, बेड़ाकुंदेदा, पोटका विजाटोली, सिरका, प्रधानपल्ली, चिलीगादिरी सहित विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए. कार्यक्रम में विधायक के सरना प्रार्थना सभा ओडिशा के अध्यक्ष मनीलाल केरकेट्टा, राजी पड़हा प्रार्थना सभा रांची के अध्यक्ष रवि तिग्गा, मनोहरपुर प्रखंड उप प्रमुख दीपक एक्का समेत अन्य लोग उपस्थित थे.




