चक्रधरपुर : चक्रधरपुर नगर परिषद के अध्यक्ष सन्नी उरांव के नेतृत्व में श्मशान घाट के समीप स्थित डंपिंग यार्ड में लगी भीषण आग को बुझाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है. लंबे समय से जल रही इस आग से उठने वाला जहरीला धुआं आसपास के इलाकों में फैलकर हजारों लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रहा था. इस गंभीर स्थिति को देखते हुए चेयरमेन सन्नी उरांव ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल आग बुझाने का निर्देश दिया. इस अभियान में नगर परिषद के उपाध्यक्ष विजय कुमार साव, विधायक प्रतिनिधि गुड्डू सिंह, झामुमो नेता राजेश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नगर परिषद के कर्मचारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं. (नीचे भी पढे़ं)

चेयरमेन सन्नी उरांव का संदेश : चेयरमेन सन्नी उरांव ने कहा कि ‘डंपिंग यार्ड में आग लगने से निकलने वाला धुआं बेहद खतरनाक होता है, जो आम लोगों के स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचाता है. जब तक कचरा प्रबंधन की स्थायी और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे.’ उन्होंने आम जनता से अपील की कि कोई भी व्यक्ति डंपिंग यार्ड में आग न लगाए और नगर परिषद का सहयोग करें. (नीचे भी पढे़ं)
उपाध्यक्ष विजय कुमार साव का संदेश: उपाध्यक्ष विजय कुमार साव ने कहा कि ‘नगर परिषद जनहित के मुद्दों को लेकर पूरी तरह गंभीर है. डंपिंग यार्ड की आग को जल्द से जल्द पूरी तरह बुझाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोगों को प्रदूषण और धुएं से राहत मिल सके.’ स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में प्रदूषण कम होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. नगर परिषद ने यह भी आश्वासन दिया है कि भविष्य में ऐसी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे.



