
चाईबासा : लॉकडॉउन को लेकर प्रशासन द्वारा पश्चिम सिंहभूम जिला चाईबासा के पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कनीय अभियंता क्रमशः धर्मेंद्र कुमार एवं मनीष कुमार को प्रभारी दंडाधिकारी के रूप में 20 अप्रैल से 3 मई तक अलग-अलग पालियो में संबंधित प्रतिनियुक्त स्थानों पर लॉकडाउन के नियमों का अनुपालन करने को लेकर निर्देशित किया गया है. वही इसको लेकर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कनीय अभियंताओं की चिंता बढ़ गई है. इस संबंध में कनीय अभियंता धर्मेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रभारी दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्ति होने पर जमशेदपुर में आपूर्ति होने वाले शहरी जलापूर्ति के विभिन्न कार्यों जैसे टंकी में विद्युत सप्लाई एवं चाभी से पानी की निर्बाध आपूर्ति एवं अन्य कार्य प्रभावित हो सकते हैं, कारण की पेयजल आपूर्ति को लेकर दिन रात पैनी नजर रखनी पड़ती है. वहीं दूसरी ओर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंताओं को प्रभारी दंडाधिकारी में प्रतिनियुक्ति को लेकर चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि पेयजल एवं विद्युत विभाग आवश्यक सेवा के अंतर्गत आते हैं. ऐसे में पदाधिकारियों को वर्तमान समय में अन्यत्र प्रतिनियुक्त नहीं करना चाहिए. इससे आम जनता को कठिनाई हो सकती है. विधायक श्री बिरुवा ने कहा कि प्रशासन को चाहिए कि अन्य विभागों के पदाधिकारियों को प्रभारी दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया जाए.







