चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू टाउनशिप में क्वार्टर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनकी निशानदेही पर चोरी का लैपटॉप, मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं. इसके अलावा चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई एक कार भी पुलिस ने जब्त की है. पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर 2026 को डी टाइप क्वार्टर नंबर-33 में रहने वाले 41 वर्षीय राहुल कुमार यादव ने किरीबुरू थाना में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके क्वार्टर का ताला तोड़कर लैपटॉप, मोबाइल फोन, नकदी और जेवरात चोरी कर लिए हैं. चोरीकांड का खुलासा करने के लिए पश्चिमी सिंहभूम के एसपी के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु) राजकुमार जयराजू के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम बनाई गई थी. (नीचे भी पढ़ें)
जांच के दौरान पुलिस ने 3 अक्टूबर को अफताब खान उर्फ टेंगरू (19), निवासी मेन मार्केट किरीबुरू को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. इसके बाद पुलिस चोरी के अन्य सामानों की बरामदगी और मामले में शामिल दूसरे आरोपियों की तलाश में जुटी थी. इसी अभियान के तहत 29 अक्टूबर को पुलिस ने नरेश लागुरी (28), निवासी मेघाहातुबुरू क्वार्टर नंबर 4/7, चंद्रमोहन तांती उर्फ डोंडे (23) और लेबया लागुरी उर्फ कृष्णा (20) को गिरफ्तार किया. चंद्रमोहन और लेबया दोनों जेटेया थाना क्षेत्र के लेम्पाहेस्सा के रहने वाले हैं.
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक लेनोवो लैपटॉप, वनप्लस 9-5जी मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद बरामद किए. वहीं, चोरी में इस्तेमाल की गई जेएच-05-एजी-1128 नंबर की कार को भी जब्त किया गया है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया.












