रामगोपाल जेना, चक्रधरपुर:सोनुवा प्रखंड के पीएमश्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय लोंजो में छह कमरों का नया भवन का निर्माण डीएमएफटी फंड से कराया जाएगा. गुरूवार को सिंहभूम की सांसद जोबा माझी एवं मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी ने संयुक्त रूप से शिलापट का अनावरण कर योजना की आधारशिला रखी. नक्सल प्रभावित विद्यालय में कमरों की कमी से जूझ रहे बच्चों को अब पठन-पाठन में सुविधा होगी. शिलान्यास के मौके पर सांसद जोबा माझी ने कहा लोंजो विद्यालय के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है. मैट्रिक की परीक्षा में विद्यालय का प्रदर्शन बेहतर रहा है. लेकिन यहां संसाधन की कमी है जिसे दूर किया जा रहा है. सांसद ने कहा शिक्षित समाज के निर्माण के लिए विद्यालयों में संसाधन की कमी दूर करने की जरूरत है. सरकार और प्रशासनिक स्तर पर इस दिशा में कार्य किये जा रहे है. कहा कि जल्द ही यहां की अन्य समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा. (नीचे भी पढ़े)

वहीं विधायक जगत माझी ने कहा यहां और छह कमरों की जरूरत है. इसके अलावा अभिभावकों एवं शिक्षकों की मांग पर कहा भूमि का सीमांकन कराने के बाद चहारदीवारी, पेयजल एवं शौचालय का निर्माण कराया जाएगा. विधायक ने बताया कि जिले के सभी विधायक एवं सांसद ने निर्णय लिया है कि सभी विद्यालयों में मुलभूम सुविधाएं बहाल की जाएगी, ताकि बच्चों को शिक्षा का बेहतर माहौल मिल सकें. इससे पूर्व शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे सांसद और विधायक का बच्चों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. मौके पर पोड़ाहाट पीढ़ के मानकी मदन मोहन सुंडी, ग्रामीण मुंडा समर सिंह दिग्गी, प्रभारी प्रधानाध्यापक चंपाय चन्द्र शेखर डांगिल, अरविंद प्रधान, संतोष प्रधान, हरिनारायण प्रधान, अनिल पूर्ति, जॉन सिंह जोंको, मोती गागराई, मुखरजीत प्रधान, कविता मिश्रा, निमेश मार्डी, संवेदक ईशा खान, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, एसएमसी अध्यक्ष दीपक सुंडी, जोशी सुंडी समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिका के अलावा क्षेत्र के ग्रामीण एवं स्कूली छात्र उपस्थित रहे.



