रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर में आगामी 28 जनवरी को स्टील फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत होगी. यह टूर्नामेंट आगामी 10 फरवरी तक चलेगा. 10 फरवरी को टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेला जाएगा. इस टूर्नामेंट में पूरे देश की कई नामी-गिरामी टीमें भाग लेने आ रही हैं. चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने मंगलवार को यहां आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उक्त जानकारी दी. श्री हुरिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टूर्नामेंट से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तार के साथ जानकारी दी. उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करेगा, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी, सीनियर डीएफएम सह स्पोर्ट्स ऑफिसर हेमंत मधुर, सीनियर डीईएन (को-ऑर्डिनेशन) श्री मीणा सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेल प्रशासन टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में आने के लिए अबतक जिन महत्वपूर्ण फुटबॉल टीमों ने भागीदारी की पुष्टि की है, उनमें प्रमुख रूप से पीयरलेस कोलकाता, टाटा मोटर्स, सेल बोकारो, सेरसा खड़गपुर, सेरसा चक्रधरपुर, डीएमएफएस, पीएसए की स्वीकृति आ चुकी है. (नीचे भी पढ़ें)
अधिकारियों के अनुसार, खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, खेल मैदान की गुणवत्ता और दर्शकों के लिए बेहतर इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं. रेल प्रशासन का लक्ष्य इस स्टील फुटबॉल टूर्नामेंट को राष्ट्रीय स्तर का यादगार और सफल आयोजन बनाना है.











