रामगोपाल जेना/चाईबासा : सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं जन-जागरूकता को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई है. दुर्घटना-संभावित क्षेत्रों के आसपास रहनेवाले लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाल मुख्यालय से सुरक्षा दूतों को रवाना किया गया. इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम जन को सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत कराया जा रहा है. आज सुरक्षा दूतों को विशेष रूप से दुर्घटना-संभावित क्षेत्रों में भेजा गया है, ताकि वे स्थानीय लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दें और उन्हें सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करें. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर सुरक्षा दूत बनाए जाएंगे, जो अपने-अपने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में पीड़ित लोगों की मदद भी करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

जिला परिवहन पदाधिकारी के अनुसार, सुरक्षा दूतों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी. ये सुरक्षा दूत जिला, प्रखंड, पंचायत से लेकर गांव-गांव तक सक्रिय रहेंगे. दुर्घटना की स्थिति में ये फरिश्ते की तरह घायलों की सहायता करेंगे और सड़क दुर्घटना के कारण पीड़ित परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी मददगार साबित होंगे. सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले में इस तरह की गतिविधियों को और तेज किया जाएगा, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सड़कों को दुर्घटना मुक्त बनाया जा सके.







