रामगोपाल जेना/चाईबासा : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रयास–एक नई पहल संस्था की ओर से वार्ड पार्षद बेला जेराई का समारोह पूर्वक अभिनंदन किया गया. शांति जूनियर्स प्री स्कूल में आयोजित उक्त समारोह में शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम के आरंभ में संस्था की सचिव सीमा तिर्की ने सभी आगत अतिथियों का स्वागत किया. उन्होंने बताया कि संस्था विगत कई वर्षों से महिला दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर समाज में अहम योगदान करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने का कार्य करती आ रही है. उन्होंने सभी को महिला दिवस की बधाई दी. (नीचे भी पढ़ें)
संस्था के अध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर ने कहा कि हाल ही में सम्पन्न हुए चाईबासा नगर निकाय चुनाव में वार्ड संख्या 18 से दूसरी बार निर्वाचित हुई पार्षद बेला जेराई का सम्मान करना संस्था के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि बेला जेराई प्रयास–एक नई पहल संस्था की सक्रिय सदस्य भी हैं और सामाजिक कार्यों में लगातार योगदान करती रही हैं. इस अवसर पर सीमा तिर्की, संध्या सुरीन, अर्पित सुमन टोप्पो, मीनाक्षी विश्वकर्मा तथा गुरमुख सिंह खोखर ने संयुक्त रूप से पुष्पगुच्छ भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर बेला जेराई को सम्मानित किया. साथ ही, उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके सामाजिक और जनसेवा कार्यों की सराहना की गई.







