
संतोष वर्मा
चाईबासा : कोरोना संकट के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिला के 3 हजार 558 श्रमिक / नागरिक अब तक अपने घर लौट चुके हैं. इनमें राज्य के विभिन्न जिला से 317 समेत 15 राज्यों से लौटनेवाले 3,558 श्रमिक / नागरिक शामिल हैं। जिले के उपायुक्त अरवा राजकमल ने बताया कि वैश्विक महामारी कोविड-19 वायरस संक्रमण के इस संकटकाल में जनमानस को सुरक्षित रखने के लिए अधिसूचित संपूर्ण तालाबंदी के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले या झारखंड राज्य से बाहर फंसे श्रमिकों को झारखंड राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के आलोक में अपने गृह जिला वापस लाने का कार्य लगातार जारी है।

उपायुक्त ने बताया कि अभी तक 15 राज्यों तथा झारखंड राज्य के अन्य जिलों से कुल 3,875 श्रमिकों / नागरिकों को वापस अपने गृह जिला लाया गया है, जिसमें सदर अनुमंडल स्थित चाईबासा आईटीआई मैदान स्थित रिसीविंग सेंटर पर 3,176 व्यक्ति, जगन्नाथपुर स्थित +2 रस्सेल उच्च विद्यालय स्थित रिसीविंग सेंटर पर 383 व्यक्ति तथा चक्रधरपुर अनुमंडल स्थित +2 मारवाड़ी उच्च विद्यालय स्थित रिसीविंग सेंटर पर 316 व्यक्तियों का रजिस्ट्रेशन अभी तक किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि 15 राज्यों से वापस लौटे श्रमिक/नागरिकों में आंध्र प्रदेश से 25, बिहार से 01, छत्तीसगढ़ से 114, गुजरात से 2,346, तेलंगाना से 58, कर्नाटक से 157, केरल से 136, मध्यप्रदेश से 52, महाराष्ट्र से 35, ओडिशा से 536, पंजाब से 32, राजस्थान से 32, तमिलनाडु से 26, पश्चिम बंगाल से 07, उत्तर प्रदेश से 01 व्यक्ति सहित झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 317 व्यक्ति शामिल हैं।















