
जमशेदपुर : टाटा स्टील में कोरोना काल में कर्मचारियों की इतनी मौतें हो गयी कि कर्मचारियों के वेतन से टाटा इंप्लाइज फैमिली बेनीफिट स्कीम (टीइएफबीएस) के तहत 2050 रुपये की कटौती जून को मिले मई माह के वेतनमान में कटौती हो गयी है. नियम के मुताबिक, एक मौत पर कर्मचारियों के वेतन से 50 रुपये की कटौती होती है और सारे कर्मचारियों से काटी गयी राशि को जमा करने के बाद इसको मृतक कर्मचारी के परिजन को दिया जाता है. अप्रैल और मई माह में कुल 41 मौतें टाटा स्टील में हो गयी, जिसके बाद कर्मचारियों का इस दौरान 2050 रुपये की कटौती करनी पड़ी. 2050 रुपये की कटौती के बाद कर्मचारियों को कम वेतन मिलने लगा. खास तौर पर टाटा स्टील के न्यू सीरीज ग्रेड (एनएस ग्रेड) के कर्मचारियों के वेतन से एक माह में इतना ज्यादा राशि काट देने से उनमें बेचैनी थी. इसको लेकर टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने पहल की, जिसके बाद मैनेजमेंट ने इसका रास्ता निकाला. यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु को भेजे गये पत्र में कहा गया है कि यूनियन अध्यक्ष के आग्रह पर हम लोग यह फैसला ले रहे है कि नये ग्रेड के कर्मचारियों, जिनका वेतन 20 हजार रुपये से नीचे 2050 रुपये की कटौती के बाद हो गया है, उनको 1500 रुपये का एडवांस कंपनी की ओर से जून माह के वेतन के साथ दे दिया जायेगा. इसके बाद 1500 रुपये की रिकवरी कंपनी हर माह 500 रुपये की कटौती कर तीन माह में कर लेगी. सारे एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के वेतन के बैंक एकाउंट में मंगलवार को एडवांस की राशि भेज दी जायेगी.


