
Bahragoda : बहरागोड़ा प्रखंड की मानुषमुरिया पंचायत स्थित धानघोरी साल जंगल मे पिछले दो-तीन दिनों से एक हाथी डेरा डाले हुए है. हाथी के रहने से लोगों में स्थानीय लोगों में दहशत है. ग्रामीणों ने बताया कि हाथी अकेला ही जंगल में है. हाथी सुबह-शाम जंगल से बाहर निकलकर सड़क पर आ जाता है, इससे ग्रामीणों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है. ग्रामीण हाथी के भय से शाम होने के पूर्व ही अपने-अपने घर लौट जाते हैं. ग्रामीणों ने बताया कि गांव से सटे जंगल में हाथी होने की सूचना वन विभाग को दी गयी हैं, परंतु विभाग द्वारा हाथी को भगाने की दिशा में किसी तरह की पहल नहीं की जा रहा है. इससे लोगों में विभाग के प्रति आक्रोश है. ग्रामीणों ने बताया कि हाथी के भय से किसान अपनी फसल की सुरक्षा के लिए रतजगा कर रहे हैं. हाथी को भगाने के लिए उनके पास पर्याप्त साधन भी नहीं है.







