
जमशेदपुर : टाटा स्टील कलिंगानगर में मारे गये ट्रेड अप्रेंटिस आदर्श कुमार के माता पिता को जिंदगी भर मेडिकल सुविधा टीएमएच में प्रदान की जायेगी. इसके अलावा उनके मारे गये बच्चे के 60 साल की उम्र तक 24 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन भी मिलता रहेगा. इसके अलावा 7 लाख रुपये एकमुश्त इंश्योरेंस का पैसा भी मिल जायेगा, जो कंपनी की ओर से प्रदान की जायेगी. सोमवार को टाटा स्टील के ट्रेड अप्रेंटिस कर्मचारी आदर्श कुमार शर्मा के पिता मनोज कुमार शर्मा और परिवार के लोगों से मिलने के लिए टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महासचिव सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह पहुंचकर इसकी जानकारी अधिकारिक तौर पर परिवार को दी. टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से यह अपील टाटा स्टील मैनेजमेंट से की गयी थी कि मानवता के नाते यह फैसला लिया जायेगा, जिसके बाद इस पर फैसला लिया गया. दरअसल, टाटा स्टील के ट्रेड अप्रेंटिस में आदर्श कुमार शर्मा का चयन 2018 में हुआ था. वे अब तक कर्मचारी नहीं हुए थे. उनका निधन टाटा स्टील के कलिंगानगर में फुटबॉल खेलते वक्त हुए वज्रपात के दौरान हुआ था. कंपनी की ओर से कोई ऐसा प्रावधान नहीं था कि मृतक को कोई लाभ दिया जाये क्योंकि वह अब तक कर्मचारी नहीं हुआ था. इसकी मांग को लेकर परिजनों ने शव को उठाने से इनकार कर दिया था और मांग की थी कि जब तक मुआवजा नहीं दी जाती है, तब तक वे लोग शव नहीं उठायेंगे. इसके बाद यूनियन ने इस मुद्दे को मैनेजमेंट के पास ले गयी, जिसके बाद यह तय हुआ कि मृतक के पिता और माता को जिंदगी भर टीएमएच या डिस्पेंसरी, जैसे किसी कर्मचारी के माता पिता को मेडिकल सेवा मिलती है, वैसा मिलता रहेगा. 7 लाख रुपये इंश्योरेंस की राशि मिल जायेगी और 24 हजार रुपये हर माह उसके माता पिता को मृतक के 60 साल पूरा होने तक मिलता रहेगा. 2018 में बहाल आदर्श कुमार शर्मा की नियम के मुताबिक नौकरी मिलती तो अप्रैल 2021 में नौकरी मिल गयी होती, लेकिन कोरोना के कारण ऐसा नहीं हो पाया था, जिसके बाद मैनेजमेंट ने सहानुभूतिपूर्वक विचार किया और यूनियन के आग्रह को स्वीकार करते हुए ये सारी सुविधा देने की घोषणा की, जिसकी जानकारी यूनियन के पदाधिकारी उलीडीह स्थित घर पर जाकर दी. आापको बता दें कि उलीडीह निवासी आदर्श कुमार शर्मा का वज्रपात होने के कारण टाटा स्टील कलिंगानगर के हॉस्टल के बाहर मैदान में हो गयी थी. इस घटना में तीन लोग घायल हो गये थे.















