
जमशेदपुर : टाटा स्टील ने अपने कर्मचारियों के खेलकूद में माहिर बच्चों के लिए स्कॉलरशिप देने की घोषणा की है. इसके तहत लड़के और लड़कियों को यह स्कॉलरशिप दिया जायेगा. पहले दस लड़के लड़कियों को एक्वेटिक्स, आर्चरी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बिलियर्ड व स्नूकर, बॉलिंग, बॉक्सिंग, साइक्लिंग, इक्वेस्टेरियन, फेंसिंग, फुटबॉल, गोल्फ, जिमनास्टिक, हैंडबॉल, हॉकी, जुड़ो, कबड्डी, कराटे, कायाकिंग व केनोइंग, खो-खो, मॉडर्न पेंटेथेलोन, नेटबॉल, रोइंग, रगबी, सेलिंग, शूटिंग, स्क्वैश, टेबुल टेनिस, ताइक्वांडो, टेनिस, ट्राइएथेलोन, वॉलीबाल, वेटलिफ्टिंग, रेसलिंग, वुशू के खिलाड़ियों को यह स्कॉलरशिप दी जायेगी, जो टाटा स्टील के कर्मचारियों के बच्चे (लड़के या लड़की) को दी जायेगी. इसके अलावा पांच विशेष बच्चों, जिनको सुनाई नहीं देता, शारीरिक तौर पर दिक्कतें है, उनको स्कॉलरशिप कंपनी की ओर से दी जायेगी. यह स्कॉलरशिप उनको दी जायेगी, जो किसी ना किसी राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतियोगिता में भाग ले चुके है और मेडल जीत चुके है और बेरोजगार है. इसके तहत दो कैटेगोरी बनायी गयी है, जिसमें पहले कैटेगोरी में 20 साल से नीचे के खिलाड़ियों को तरजीह दी जायेगी जबकि दूसरके कैटेगोरी में 25 साल से नीचे के खिलाड़ियों को यह स्कॉलरशिप दी जायेगी. इसके तहत कंपनी बारह माह तक दस हजार रुपये प्रतिमाह वैसे खिलाड़ियों को स्कॉलरशिप देगी, जो अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में मेडल जीत चुके है जबकि 6 हजार रुपये प्रतिमाह वैसे खिलाड़ियों को दी जायेगी, जो राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीत चुके है. इसके आवेदन को पांच सदस्यों वाली कमेटी देखेगी, जिसके बाद ही मंजूरी दी जायेगी. इसके लिए आवेदक जमशेदपुर के जेआरटी टाटा स्पोटर्स कांप्लेक्स में एक दिसंबर तक जमा कर सकते है, जो स्पोटर्स डिपार्टमेंट के नाम से संबोधित होगी. इसके अलावा इसको इ-मेल के जरिये भी भेजा जा सकता है. इसके लिए आवेदक को office.headsports@tatasteel.com/anand.m@tatasteel.com में अपना आवेदन भेजना है. ये सारे आवेदन कर्मचारियों को डिपार्टमेंटल हेड के माध्यम से ही भेजा जाना है.







