
जमशेदपुर : झारखंड के होमगार्ड जवान अपनी मांगों को लेकर अपनी सेवा शर्तों में बदलाव करने की मांग को लेकर पूर्व मंत्री और निर्दलीय विधायक सरयू राय से मुलाकात की. सरयू राय से मुलाकात कर इन लोगों ने मांग की कि जिस तरह बिहार में सेवा शर्त है, उसी तरह झारखंड में यह व्यवस्था बना दी जाये. इन लोगों ने बताया कि होमगार्ड के जवानों को ड्यूटी नहीं मिलती है. उनको ड्यूटी काफी कम दिनों के लिए मिलती है, जिससे उनके समक्ष रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो जाती है.
इसके अलावा ड्यूटी जब दी जाती है तो उस पर भी पैरवी लगानी पड़ती है और पैसा भी देना होता है, तब जाकर उनको ड्यूटी मिलती है. एक ऐसा सिस्टम बना दिया जाये कि होमगार्ड के जवानों को ड्यूटी भी मिलती रहे और उनका भविष्य भी सुरक्षित रहे. सरयू राय ने कहा कि वे पूरे मसले को लेकर गंभीर है और यह मुद्दा काफी पुराना भी है, जिसको वे वर्तमान सरकार के समक्ष जरूर उठायेंगे ताकि होमगार्ड जवानों की समस्याओं को दूर किया जा सके.








