चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदापी डाउन के पास मंगलवार को भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद टीएमएच रेफर किया गया है. हादसा कार और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ. कार छत्तीसगढ़ से टाटानगर जा रही थी. मिली जानकारी के अनुसार, कुदापी डाउन के समीप कार की सामने से आ रहे ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है. वहीं उन्हें टीएमएच रेफर किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
फिलहाल मृतकों और घायलों की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा.





