
भुवनेश्वर : ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पिछले गुरुवार को गोपालपुर इंडस्ट्रियल पार्क में स्थापित किये जा रहे टेक्नीकल अमोनियम नाइट्रेट (टीएएन-टैन) प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया. यह प्रोजेक्ट स्मार्टकेम टेक्नोलॉजीज लिमिटेड द्वारा स्थापित किया जा रहा है जिसकी लागत 2200 करोड़ रुपये होगी. टाटा स्टील स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (टीएसएसईजेड) तेजी से भारत में एक पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में उभर रहा है. इससे पहले इस साल जुलाई में पार्क में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (टीसीपीएल) के एक नये चाय पैकेजिंग प्लांट का उद्घाटन किया गया था, जिसे 100 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित किया गया है. स्मार्टकेम टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (एसटीएल) मूलतः दीपक फर्टिलाइजर्स ऐंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (डीएफपीसीएल) की सौफीसदी सहायक कंपनी है. एसटीएल ने 40.24 एकड़ भूमि में फैले इस परिसर की स्थापना के लिए इंडस्ट्रियल पार्क के डेलवपर्स टाटा स्टील स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (टीएसएसईजेड) के साथ एक सब-लीज डीड समझौते पर हस्ताक्षर किया है. इस प्रोजेक्ट से देश में लगभग 30 प्रतिशत टैन मांग को पूरा करने की उम्मीद है. एसटीएल एक ही प्लांट से मेडिकल ग्रेड समेत सभी प्रकार की ठोस अमोनियम नाइट्रेट गोलियों का उत्पादन करेगी. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर टाटा स्टील स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड के चेयरमैन चाणक्य चौधरी ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत गर्व का क्षण है, क्योंकि हमारा एक और मूल्यवान और प्रतिष्ठित ग्राहक ‘स्मार्टकेम टेक्नोलॉजीज’ गोपालपुर के इंडस्ट्रियल पार्क में एक टेक्नीकल अमोनियम नाइट्रेट प्लांट स्थापित करने वाला है. हमें खुशी है कि गोपालपुर इंडस्ट्रियल पार्क अपनी स्थापना के बाद से बहुत ही कम समय में भारत के पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में तेजी से उभर रहा है. हम इस तरह के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में और अधिक निवेशकों के आगे आने, क्षेत्र की औद्योगिक प्रगति को गति देने और भारत को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान देने के लिए उत्सुक हैं. वर्तमान में, टीसीपीएल की चाय पैकेजिंग इकाई के अलावा, गोपालपुर इंडस्ट्रियल पार्क में टाटा स्टील द्वारा 55,000 टीपीए का एक फेरो क्रोम प्लांट, एनाड्रोन सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा एक रक्षा निर्माण इकाई, और ईस्ट कोस्ट ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड व ओडिमेट रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा क्रोम आधारित उद्योग हैं. (नीचे भी पढ़ें)
टाटा स्टील की 100 फीसदी सहायक कंपनी है टाटा स्टील स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड
टाटा स्टील लिमिटेड की 100 फीसदी सहायक कंपनी ’टाटा स्टील स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड’ ओडिशा में अपना प्रमुख औद्योगिक पार्क विकसित कर रही है, जिसे गोपालपुर इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में जाना जाता है. कंपनी की योजना इस औद्योगिक पार्क को घरेलू और निर्यातोन्मुखी, दोनों उद्योगों के लिए उभरते हुए विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की है. कंपनी यहां आने वाली इकाइयों की सुचारू ग्राउंडिंग की सुविधा के लिए सामान्य बुनियादी ढांचा, प्लग ऐंड प्ले यूटिलिटी इंफ्रास्ट्रक्चर और संबंधित सेवाएं प्रदान करती हे.



