
जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा संचालित जमशेदपुर के जुगसलाई स्थित टाटा पिगमेंट वर्कर्स यूनियन का चुनाव मंगलवार को हुआ. वैसे तो चुनावी प्रक्रिया 20 मार्च से ही चल रही है, लेकिन इसको गुपचुप तरीके से संचालित की गयी. ना ही श्रम विभाग और ना ही मीडिया को ही इसकी जानकारी दी गयी. चुपके से चुनाव कराने के कारण चुनाव को लेकर सवाल उठाये गये है. इस चुनाव में नामांकन की प्रक्रिया 20 मार्च को शुरू हो गयी थी. उसके बाद 22 मार्च को चुनाव कराया गया. इसमें अध्यक्ष के पद पर फिर से बिनोद कुमार सिंह को चुन लिया गया जबकि दो दिनों के बाद सारे पदाधिकारियों का चुनाव करने पर सहमति बनी, जिसके लिए अध्यक्ष को अधीकृत कर दिया गया है. कुल 13 कमेटी मेंबरों के लिए चुनाव हुआ, जिसमें सारे मतदाताओं ने हिस्सा लिया. इसमें बिनोद कुमार सिंह एसएफडी विभाग से कमेटी मेंबर का चुनाव जीते, जिनको अध्यक्ष फिर से चुन लिया गया. इसके अलावा येलो प्लांट से परमेश्वर दास, जीतेंद्र कुमार सिंह, मेंटेनेंस विभाग से राकेश कुमार यादव, कमलेश शर्मा, भुवनेश्वर राम, एमएचएस विभाग से रमेश चंद्र टुडू, सूरजभान सिंह, ढुलू मुर्मू ने चुनाव जीता. ऑफिस विभाग से अनिल प्रसाद, जी सत्या राव, पायो (महिला आरक्षित), कुलबीर सिंह ने चुनाव जीते. इन सारे कमेटी मेंबरों ने मिलकर बिनोद सिंह को फिर से अध्यक्ष चुन लिया. आपको बता दें कि टाटा पिगमेंट वर्कर्स यूनियन में राकेश्वर पांडेय की अध्यक्षता में ही यूनियन संचालित होती थी, लेकिन टाटा वर्कर्स यूनयन के तत्कालीन डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय और सहायक सचिव नितेश राज की जोड़ी ने उनको हटवा दिया था. चुनाव में राकेश्वर पांडेय को हटाकर लोगों ने अरविंद पांडेय को अध्यक्ष चुन लिया था. इसके बाद से राकेश्वर पांडेय की इस यूनियन में कभी इंट्री नहीं मिली. अब नये सिरे से चुनाव कराया गया, लेकिन टाटा पिगमेंट वर्कर्स यूनियन के चुनाव की जानकारी किसी को नहीं दी गयी.




