
जमशेदपुर : टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन का चुनाव रविवार को प्रबंधन की देखरेख में उसके द्वारा तय मानक के अनुसार संपन्न हो गया जिसपर चुनाव पदाधिकारी हरेंद्र प्रताप सिंह व उनकी टीम ने मुहर लगा दी. हालांकि कुमार जय मंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह अध्यक्ष, टीसी कर्मचारी यूनियन ने चुनाव को असंवैधानिक करार देते हुए मामले की शिकायत डीएलसी से करने व पूर्व की कमेटी के पूर्वरत काम करते रहने की घोषणा किया है. श्री सिंह ने कहा कि टाटा कमिंस की टीसी कर्मचारी यूनियन का चुनाव गैर संवैधानिक तरीके से कराया गया है चुनाव के खिलाफ श्रम विभाग से शिकायत किया जाएगा. पूर्व की जो कमेटी है वही रहेगी. नई कमेटी मान्य नहीं होगी. रविवार को कंपनी परिसर में संपन्न हुए इस चुनाव में कुल 19 कमेटी चुने गए. इसमें से एक कमेटी मेंबर अजीत सिंह पूर्व में जब चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई थी उसी दौरान निर्विरोध चुने जा चुके थे. 18 कमेटी मेंबरों के चुनाव के लिए 56 प्रत्याशी मैदान में थे. सुबह 7 बजे से ही कंपनी परिसर में शुरू हुई. मतदान प्रक्रिया शाम को संपन्न हुई और देर शाम को मतगणना पूरी की गई. बीते कई माह से चुनाव लंबित होने के बाद हुए चुनाव से कर्मचारियों में उत्साह दिखा. रविवार साप्ताहिक अवकाश के दिन कंपनी के खुले होने का भी प्रभाव मतदान में दिखा. चुनाव पदाधिकारी हरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से हुआ है. चुनाव संचालन कमेटी रमेश यादव, सतीश यादव, सुजीत सरकार, मनोज कुमार व संदीप उपाध्याय की देखरेख में पूरी प्रक्रिया को संपन्न कराया गया.
एक सप्ताह में होगा पदाधिकारियों का मनोनयन
टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन में कमेटी मेंबरों का चुनाव रविवार को हो गया लेकिन पदाधिकारियों का मनोनयन एक सप्ताह के अंदर होगा. चुनाव के बाद विजयी कमेटी मेंबरों की बैठक में तय हुआ कि पदाधिकारियों का चुनाव एक सप्ताह के अंदर होगा. वहीं अध्यक्ष का मनोनयन कंपनी के अंदर से ही किया जाएगा जैसा की प्रबंधन चाहती है. हालांकि दिनभर चुनाव के बाद ही पदाधिकारियों के चयन की बात कही जा रही थी पर ऐन वक्त पर अदृश्य शक्ति के प्रभाव में पदाधिकारी का चुनाव नहीं हो सका. वहीं यूनियन अध्यक्ष सह बेरमो विधायक अनूप सिंह चुनावी प्रक्रिया को असंवैधानिक बताकर पूरी चुनावी प्रक्रिया को गलत बता रहे हैं.
पहली बार अंदर से बनेंगे अध्यक्ष
पहली बार यूनियन में को-ऑप्शन नहीं होगा यानी बाहरी व्यक्ति यूनियन अध्यक्ष नहीं होगा. ऐसे में इस बार इस बार कंपनी के कर्मचारी ही अध्यक्ष बनेंगे. कंपनी प्रबंधन ने पहले ही साफ कर दिया है कि बाहरी अध्यक्ष को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे में चुन कर आये नए कमेटी मेंबरों को अपने ही बीच के किसी नेता को अध्यक्ष चुनना होगा. एहसान अहमद सिराजी इस बार अध्यक्ष के मजबूत उम्मीदवार माने जा रहे हैं, क्योंकि वे कार्यकारी अध्यक्ष रह चुके हैं. अब तक यूनियन में बाहरी अध्यक्ष के रखने की परंपरा थी.
बेईमानी का आरोप लगने पर अमर्यादित भाषा बोलने लगे हरेंद्र प्रताप सिंह
चुनाव पदाधिकारी हरेंद्र प्रताप सिंह पर विरोधी खेमा के प्रत्याशियों ने 9 कमेटी मेंबरों को जिताने के लिए खुद प्रयास करने व यूनियन संविधान की दर किनार कर प्रबंधन के इशारे पर चुनाव कराने का आरोप लगा. इस बावत पूछे जाने पर चुनाव पदाधिकारी अपना आपा खो बैठे और अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर देख लेने की धमकी देने लगे. फिर कहा कि अगर किसी को शिकायत है तो वे मेरे पास आए फिर मीडिया में जाए. मैं हर शिकायत की निराकरण करुंगा. एक प्रत्याशी के आब्जेक्शन में पर मैने दोबारा काउंटिंग करवाया. ऐसे में जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं वह निराधार व गलत है.
यह है विजेता कमेटी मेंबर (नीचे देखे पूरी खबर और सूची)
एटीपी (एसेंबली) : 05 सीट-राम मूर्ति राजू, मनोज सिंह, रंजन कुमार, सुमित कुमार, अनंता मुखर्जी.
सीबीबीयू (ब्लॉकलाइन) : 02 सीट-अनिल सिंह, दीपेंदू चक्रवर्ती
क्वालिटी : 02 सीट-एहसान अहमद सिराजी, उज्ज्वल दास
मेटेरियल : 02 सीट-रंजन कुमार पांडेय, सुमित पॉल
सीआरबीयू (क्रैंकलाइन) : 02 सीट-प्रमोद कुमार राय, रमाकांत करुआ
आरसीबीयू (कनेक्टिंग रड) : 02 सीट-कमलेश्वर पांडेय, प्रकाश महतो
सीएचबीयू (हेडलाइन) : मोहम्मद जसीम, शिवाशीष गौतम, अंजय कुमार और शशि शेखर (सीटों की संख्या-1)
टूलिंग : 01 सीट
श्रीनिवास
ऑफ्टर मार्केट : 01 सीट-अजीत कुमार सिंह (निर्विरोध)
महिला सीट : 01 सीट
माया शर्मा
तीन निलंबित कर्मचारी में दो हुए विजय
पिछले दिनों फाल्स पंचिंग को लेकर यूनियन के पूर्व नेता कामेश्वर पांडेय रंजन पांडेय और शंभु कुमार को प्रबंधन ने निलंबित किया है जिसकी सुनवाई अभी चल रही है इसी बीच में चुनाव हुआ जिसमें तीनों ने हिस्सा लिया इसमें से शंभु कुमार को छोड़कर कामेश्वर पांडे और रंजन पांडे चुनाव में कमेटी में निर्वाचित हुए हैं.


