
रांची/नयी दिल्ली : झारखंड में कांग्रेस का स्टैंड क्या होगा, यह क्लियर करने के लिए झारखंड कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की. वे झारखंड मंगलवार को आने वाले है. इस मीटिंग के बाद बाहर निकले अविनाश पांडे ने कहा कि गठबंधन है तो आपसी समन्वय से ही सरकार चलता है. उन्होंने कहा कि झारखंड जायेंगे, उसके बाद ही किसी तरह का फैसला लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि संभावनाओं के द्वार खुले हुए है. उन्होंने कहा कि झामुमो ने महुआ माजी को राज्यसभा का प्रत्याशी घोषित कर दिया है, यह हमने भी सुना है. उन्होंने कहा कि अगर हम लोगों के बीच बातचीत होकर प्रत्याशी बनाया जाता तो अच्छा होता, लेकिन अब तो घोषणा हो चुकी है तो कहीं दिक्कत की बात नहीं है. हम अपनी पार्टी के लोगों से बात करेंगे. झामुमो की भी अपनी मजबूरियां है. हमारे पास भी अपनी मजबूरी है कि हमारे पास संख्या बल नहीं है. उन्होंने कहा कि हम लोग चाहे तो प्रत्याशी दे सकते है, लेकिन संख्या बल नहीं है, यह भी सच है. लेकिन अभी भी संभावनाओं का द्वार खुला हुआ है. झारखंड जायेंगे, वहां के नेताओं के साथ बातचीत करेंगे, उसके बाद ही किसी तरह का कोई फैसला लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर किसी तरह का कोई विवाद की बात नहीं है, लेकिन एकतरफा फैसला लेना ठीक नहीं है, बस एकसाथ मिलकर फैसला लेना चाहिए था.






