
जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर कारपोरेट कंपनियों के नाम से ही जानी जाती है, लेकिन टाटा की छवि के विपरित अचानक से कुछ ऐसे तुगलकी फरमार टाटा समूह की कंपनियां जमशेदपुर में जारी कर दे रही है, जो एक समस्या बन जा रही है. टाटा स्टील की सहयोगी कंपनी द्वारा पिछले दिनों ही जुबिली पार्क का गेट लोगों के लिए बंद कर दिया गया था और खोलने के लिए राजनीतिक तौर पर हंगामा होने लगा था तो अब नये सिरे से टाटा मोटर्स कंपनी की ओर से संचालित टेल्को सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम को लेकर नया फरमान जारी कर दिया गया है. इस स्टेडियम में और आसपास बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक करने जाते है और बच्चे यहां सेना में जाने के लिए ट्रेनिंग भी करते है, लेकिन अचानक से दो जुलाई से नया फरमान जारी कर दिया गया है, जिसमें यह कहा गया है कि अगर किसी को स्टेडियम में जाना है तो उनको आधार काडर्भ दिखाकर ही रजिस्ट्रेशन कराना होगा, जिसके बाद ही वे लोग स्टेडियम में जा सकेंगे. इसको लेकर अब तैयारी यह की गयी है कि पूरे स्टेडियम और आसपास के एरिया में सीसीटीवी कैमरा लगाया जायेगा. सीसीटीवी लगाने के पीछे भी सुरक्षा ही मकसद है. इसको लेकर सबका सहयोग करने को कहा गया है. जनता इसको लेकर काफी गुस्से में है. हालांकि, स्थानीय नेता और जनप्रतिनिधि इस मसले को लेकर काफी चुप है, जिसको लेकर सभी में नाराजगी बढ़ती जा रही है.





