चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के झीलरुआ मैदान में चार जनवरी की शाम भाजपा के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर हुए नक्सली हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) करेगी. इस मामले को एनआइए को जांच करने की जिम्मेदारी दे दी यी है. इस घटना में नक्सलियों ने तीन पुलिसवालों के हथियार लूट लिये थे और दो अंगरक्षक मारे भी गये थे. इस मामले में एनआइए की ओर से आरसी 03-2022 केस दर्ज कर जांच शुरू की है. इस मामले में नक्सली मिसिर बेसरा समेत नौ संदिग्धों को आरोपी बनाया गया है. रांची शाखा के इंस्पेक्टर सचिदानंद राय को इस केस का आइओ बनाया गया है. एनआइए के केस में एक करोड़ का ईनामी नक्सली मिसिल बेसरा उर्फ डॉक्टर के अलावा रघु, सागेन, कांडे होनहागा, सोनाराम होनहागा, अश्विन, चंदन, मोछू, सुशांत को आरोपी बनाया गया है. इनके खिलाफ भादवि की धारा 147, 148, 149, 120बी, 121, 121ए, 302, 307, 353, 333, 395, 396, 397, आर्म्स एक्ट 27, यूपीए एक्ट 16, 18, 20, 38 और 39 और सीएलए एक्ट 17 धारा के तहत केस दर्ज किया गया है.
क्या था मामला :
बाजपा के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा के झिलरुआ स्कूल मैदान में चार जनवरी को खेलकूद समारोह में भाग लेने के लिए गये थे. इस दौरान नक्सलियों ने हमला बोल दिया था. पूर्व विधायक पैदल वहां से भागकर अपनी जान बचाये थे. इस घटना में नक्सलियों ने उनके अंगरक्षकों से हथियार लूट लिये थे जबकि दो नक्सलियों को मौत के घाट भी उतार दिया था. बाद में वे किसी तरह भागकर गोइलकेरा थाना की पुलिस के पास पहुंचे थे. इस मामले में स्थानीय पुलिस ने पुसा लुगून, प्रधान कोडाह, श्रीराम तुबिद, शैलेंद्र बहांदा, मंगल सिंह लुगून, मंगल सिंह दिग्ग, रंगिया लुगून, सुनिया सुरीन, कुजरी केराई को गिरफ्तार किया है, जो लोग जेल में बंद है.






