
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना अंतर्गत मोहरदा स्थित आस्था ट्वीन सिटी के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा मिला. मौके से गुजर रहे शुभम नामक युवक ने व्यक्ति को घायल अवस्था में पाया और 100 डायल पर इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर बिरसानगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. घायल की जेब से पुलिस ने एक वोटर आईडी कार्ड बरामद किया है जिसके आधार पर उसकी पहचान टेल्को क्रॉस रोड नंबर 19 निवासी शैलेन महतो के रूप में की गई है. इधर सूचना पाकर एएसपी सिटी सुधांशु जैन भी अस्पताल पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली. घटना के संबंध में शुभम ने बताया कि बारीडीह में उसकी किताब की दुकान है. वह दुकान बंद कर घर वापस जा रहा था. आस्था ट्वीन सिटी के पास उसने व्यक्ति को घायल अवस्था में देखा. उसने सोचा की कोई व्यक्ति नशे की हालत में पड़ा हुआ है और आगे निकल गया. आगे जाकर वह फिर से वापस लौटा और व्यक्ति के पास पहुंचा. उसने देखा की व्यक्ति को कुछ कुत्ते घेर कर बैठे हैं और उसका गला कटा हुआ है. उसने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी. घटनास्थल से पुलिस ने घायल का मोबाइल भी बरामद किया है. पुलिस आशंका जता रही है कि व्यक्ति पर कहीं और हमला कर उसे मोहरदा के पास फेंक दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.





