
जमशेदपुर : कोरोना वायरस का खौफ किस कदर छाया हुआ है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि झारखंड सरकार ने पहले बायोमैट्रिक्स से हाजिरी बनाने पर रोक लगा दी है. अंगूठा या उंगुली के निशान से हाजिरी बनाने की प्रक्रिया को छह माह के लिए झारखंड सरकार ने रोक दी है. अब टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में भी बायोमैट्रिक्स हाजिरी को रोक दी गयी है. कोरोना वायरस को लेकर यह एहतियाती कदम उठाया गया है, जिसके तहत कहा गया है कि अब कर्मचारी पुराने तरीके के जरिये ही अपना हाजिरी बना सकेंगे. अब कर्मचारियों को कंपनी के आइडी कार्ड को ही स्वाइप कर हाजिरी बनानी होगी.

तत्काल प्रभाव से बी शिफ्ट और सी शिफ्ट से 12 मार्च से ही इसको लागू कर दिया गया है, जिसके तहत बायोमैट्रिक या एफआरडी सिस्टम को ही बंद कर दिया गया है. टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट के हेड विशाल बादशाह ने बताया कि अगर किसी कर्मचारी को कार्ड स्वाइप करने में किसी तरह की दिक्कत होती है तो वे डिपार्टमेंट के हेड या टाइमकीपिंग वाले से संपर्क कर सकते है. हालांकि, इसकी पुष्टि के लिए टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट की प्रवक्ता पल्लवी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इसको लेकर अभी अलर्ट पर है, लेकिन कोई सरकुलर नहीं है जबकि सरकुलर कर्मचारियों के टाइम मैनेजमेंट ऑफिस और पंचिंग सिस्टम के पास लगा भी दिया गया है. टाटा मोटर्स के बाद जमशेदपुर की अन्य कंपनियों में भी इस सिस्टम को बंद करने पर विचार किया जा रहा है.














