
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत राममड़ैया बस्ती में 10 वर्षीय बुधराम माझी नामक बच्चे का शव उसके झोपड़ी नुमा घर में फंदे से झूलता पाया गया. जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई. बताया जाता है कि बुधराम के पिता नामी मांझी मजदूरी का काम करते हैं, जबकि उसकी एक बहन घरों में साफ- सफाई का काम करती है. शाम को जब बहन काम से वापस लौटी तो देखा कि भाई गमछे के सहारे फंदे से झूल रहा है. फौरन इसकी सूचना बहन ने आस-पड़ोस को दी. बाद में आदित्यपुर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की जा रही है. आशंका जताई जा रही है कि बच्चे ने गमछे के सहारे फंदे से झूल कर आत्महत्या की है, लेकिन मृतक बुधराम की बहन ने पुलिस को बताया कि पिताजी ने बुधराम को आज सुबह पीटा था जिसके बाद संभवत उसने यह कदम उठाया है. वही आस पड़ोस के लोगों ने दबी जुबान से यह बताया कि शराब के नशे में नामी मांझी अक्सर अपने बेटे को पीटा करता था. इधर पुलिस सभी मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है. बताया जाता है कि नामी मांझी की पत्नी का निधन 8 माह पूर्व हो गया था.







