
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के अतिनक्सल प्रभावित गुदड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बीहड़ जंगल के सऊड़ीउली में पीएलएफआई उग्रवादी संगठन के सदस्यों द्वारा आपसी विवाद में अपने ही एक समर्थक की हत्या कर दिये जाने का मामला प्रकाश में आया है. घटना की सूचना मिलते ही गुदड़ी पुलिस ने घटनास्थल पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार नक्सलियों द्वारा एक व्यक्ति की हत्या किये जाने की सूचना के बाद से यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ था. ग्रामीणों में भय का माहौल है। सुरेश लोमगा नामक व्यक्ति की हत्या होने की सूचना है, जबकी यह भी सूचना है मृतक सुरेश लोमया भी पीएलएफआई उग्रवादी संगठन में शामिल था. वहीं यह सूचना है कि पीएलएफआई कमांडर संतोष कंडुलना के दस्ते ने सुरेश लोमगा की हत्या की है. मृतक सुरेश लोमगा व संतोष कांडुलना के दस्ते में आपसी विवाद हुआ था. परिजनों ने शव को दफना दिया है. गुदड़ी प्रखंड विकास पदाधिकारी दण्डाधिकारी के रूप पुलिस बल के साथ शव को कब्र से निकालने रवाना हुए. इधर इस घटना को लेकर पुलिस कप्तान इद्रजीत महथा ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, और मृतक भी पीएलएफआई संठन का समर्थक था. आपसी विवाद के कारण ही पीएलएफआई सदस्यों ने अपने ही समर्थक की हत्या की है. मृतक के शव को बरामद करने के लिए गुदड़ी पुलिस को घटनास्थल भेजा गया है। मामले की जांच चल रही है.





