
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में रविवार की शाम जुगसलाई गौशाला टॉकीज के पास सुजीत कुमार उर्फ बंटी सिंह पर गोली चलाने के मामले में थाना में सरेंडर करने वाले मनीष सिंह (जुगसलाई पवट मोहल्ला निवासी) से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की है. इस मामले में पुलिस ने उससे गहनता से पूछताछ की है, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक सिक्सर पिस्तौल को बरामद कर लिया है, जिससे गोली चलायी गयी थी.
पुलिस ने मौके से ही खोखा बरामद किया है. उसने पूछताछ में बताया है कि सुजीत कुमार उर्फ बंटी सिंह से गाड़ी चलाने को लेकर हुए विवाद के कारण मामला ज्यादा बढ़ गया था, जिसके बाद उसने गुस्सा में गोली चला दी थी. हालांकि, गिरफ्तार मनीष सिंह के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मुकदमा दायर है और इस तरह गोली चलाने का आरोपी रहा है. मनीष सिंह के खिलाफ 2013 में मानगो थाना में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है जबकि जुसलाई थाना में 2014 में एक कांत हत्या का प्रयास का मुकदमा दर्ज है जबकि साकची थाना में भी 2018 में केस दर्ज है. साकची में भी उसने गोली चलायी थी. इस मामले में पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द पुलिस इस मामले में अपना चार्जशीट दायर करेगी, जिसके आधार पर पुलिस की ओर से उसको कोर्ट से सजा दिलाने का प्रयास किया जायेगा.






