
जमशेदपुर : जमशेदपुर जिला बल के होमगार्ड के जवान रमेश कुमार सिन्हा की मौत रामगढ़ में सड़क दुर्घटना के दौरान हो गई. मृतक सेमी ड्यूटी में रामगढ़ ईसीएल में तैनात थे. वहीं मृतक जवान का पार्थिव शरीर आज जमशेदपुर लाया गया जहां गृह रक्षा वाहिनी जमशेदपुर मुख्यालय में जवान के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं वाहिनी की ओर से पांच हजार रुपए सरकारी सहायता के रूप में मृतक के आश्रित को दिया गया. इससे पूर्व रामगढ़ में भी जवान के आश्रित को दाह संस्कार के रूप में सरकारी सहायता के रूप में तीन हजार रुपए का आर्थिक सहयोग दिया गया था.
बताया जा रहा है कि रामगढ़ स्थित ईसीएल में तैनात होमगार्ड के जवान रमेश कुमार सिन्हा ड्यूटी खत्म कर घर जाने के क्रम में अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए जिससे घटनास्थल पर ही जवान की मौत हो गई. यह घटना 17 जून की बताई जा रही है. जानकारी देते हुए डीएसपी अशोक कुमार ने बताया कि कागजी प्रक्रिया पूरी कर मृतक के परिजनों को मुआवजे की राशि दी जाएगी. वैसे उन्होंने बताया कि इससे पूर्व में भी कई जवानों के मौत के बाद मुआवजे का भुगतान अब तक नहीं हुआ है जिसे जल्द दिलाने की बात उन्होंने कही.
इधर जवानों में इस घटना को लेकर गम भी है तो गुस्सा भी है. साथी खोने का गम है तो गुस्सा इस बात को लेकर है कि होमगार्ड के जवानों को किसी तरह की कोई सुविधा नहीं मिल पाती है और अब मरने के बाद सरकार की ओर से कोई सहायता तक नहीं दिया जायेगा.







