
जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने बीते 17 जुलाई को विष्णुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह रज्जाक मैदान के समीप हुए चाकूबाजी मामले का खुलासा करते हुए दो अपराध कर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है जबकि एक अपराधी की तलाश जारी है. आपको बता दें कि बीते 17 जुलाई को धातकीडीह के रज्जाक मैदान के समीप 3 अपराधियों ने तनवीर अहमद नामक व्यक्ति को चाकू मारकर घायल कर दिया था.
जिसकी टाटा मुख्य अस्पताल में इलाज के क्रम में 18 जुलाई को मौत हो गई थी. वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीआर डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम गठित कर अपराधियों के धरपकड़ में जुट गई थी. जहां आज पुलिस ने अरबाज और प्रकाश सिंह नामक अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू बरामद कर लिया है. जानकारी देते हुए एसएसपी एम तमिल वणन ने बताया कि पुरानी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया है. वहीं उन्होंने बताया कि तीसरे अपराधी की तलाश में छापेमारी की जा रही है.


















