
जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल के हुगली से घर छोड़कर आई मूक बघिर महिला को परिवार वाले जमशेदपुर से सकुशल ले गए. शनिवार को हुगली से घर छोड़कर आई मूक बघिर महिला को लेने उसकी बेटी और दामाद आये और उसे अपने साथ लेकर हुगली रवाना हो गए. शुक्रवार को सीतारामडेरा थाना की पुलिस की गश्ती दल को भुइयांडीह स्थित बस स्टैंड पर उपरोक्त महिला संदिग्ध हालत में मिली थी. गश्ती दल के पुलिस अवर निरीक्षक रविन्द्र मुंडा ने उपरोक्त महिला को बस स्टैंड पर अकेले छोड़ना उचित नहीं समझा. सीतारामडेरा थाना प्रभारी अंजनी कुमार से सम्पर्क साधा और उन्हें मामले की जानकारी दी थी. थाना प्रभारी ने निर्देश दिया था कि उपरोक्त महिला को थाना लाया जाए एवं उसकी सुरक्षा की व्यवस्था की जाए. अवर निरीक्षक रविन्द्र मुंडा महिला को थाने लाये और पूछताछ में महिला ने अपने एक दो रिश्तेदारों के फोन नम्बर दिए जिन से सम्पर्क करने पर पता चला कि महिला हुगली पश्चिम बंगाल की रहने वाली है. रिश्तेदारों ने बताया कि महिला किसी को भी कोई सूचना दिए बगैर घर छोड़ कर चली गयी थी. उन्होंने ये भी कहा कि वे महिला को लेने आएंगे. इस कारण महिला की बेटी और दामाद हुगली से सड़क मार्ग से जमशेदपुर आए और महिला को अपने साथ ले गए. सीतारामडेरा थाना की पुलिस ने महिला को टेल्को खडंगाझाड़ स्तिथ मदर टेरेसा वेलफेयर ट्रस्ट में रखवाया था जहाँ से शनिवार को थाना के अधिकारी और हुगली से आए महिला के बेटी दामाद उसे लेने पहुंचे. एक दूसरे को पहचान लेने पर और महिला की स्वेच्छा होने पर उसे सीतारामडेरा थाना ले जाया गया जहां से कार्यवाही करने के बाद महिला को बेटी दामाद को सौंप दिया गया. वे लोग हुगली के लिये रवाना हो गए.













