सरायकेला : कोल्हान डीआईजी के फरमान का असर सरायकेला- खरसावां जिले में दिखने लगा है. जहां शुक्रवार को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में जिला पुलिस ने अवैध शराब की भट्ठियों को ध्वस्त करते हुए सैकड़ों लीटर अवैध एवं नकली शराब बरामद किया है. साथ ही करीब 4. 56 ग्राम ब्राउन शुगर भी जब्त किया गया है. इस संबंध में सरायकेला- खरसावां पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार जिले के चौका थाना अंतर्गत लेंगडीह में छापेमारी के क्रम में 150 लीटर अवैध देसी शराब जब्त किया गया. (आगे की खबर नीचे पढें)
इसके अलावा 600 किलो जावा महुआ को नष्ट किया गया. वहीं नीमडीह पुरियारा में टोला बंडीह के जंगल में अवैध देसी महुआ शराब की भट्ठी को नष्ट करते हुए 12 लीटर अवैध देसी महुआ शराब जब्त किया गया. जबकि इचागढ़ थाना अंतर्गत सलुकडीह में तीन भट्ठियों को नष्ट किया गया. साथ ही 200 किलो जावा महुआ नष्ट किया गया. इसी क्रम में चांडिल थाना क्षेत्र से पांच हजार किलो जावा महुआ नष्ट किया गया. साथ ही 100 लीटर देसी महुआ भी बरामद किया गया. वही आदित्यपुर थाना क्षेत्र से 15 लीटर अवैध देशी महुआ शराब बरामद किया गया साथ ही 55 पुड़िया ब्राउन शुगर भी बरामद किया गया. इसके अलावा तिरूल्डीह थाना क्षेत्र से 25 लीटर देसीजावा महुआ शराब बरामद किया गया. वहीं सरायकेला थाना क्षेत्र के कालापाथर गांव से 13 पीस देसी शराब, 12 पीस अंग्रेजी शराब और 350 पीस गुटखा बरामद किया गया.
















