
जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र से पुलिस ने बड़ा गाड़ी चोर गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है. उसके पास से पुलिस ने सोनारी क्षेत्र से चोरी गयी दो प्लेजर स्कूटी, एक डयू स्कूटी और एक पलसर मोटरसाइकिल को बरामद किया है. पकड़ा गया सरगना रांची के बुंडू जिले के भोजडीह इलाके का रहने वाला लखन महतो उर्फ राजेंद्र महतो उर्फ रवि माहली उर्फ टाटा है, जो पहले भी सोनारी थाना क्षेत्र के कुल 4 कांड में जेल जा चुका है. सभी मामले चोरी से जुड़े हुए है. इस संबंध में संवाददाता सम्मेलन करते हुए सोनारी थाना में डीएसपी हेडक्वार्टर 2 अरविंद कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर उसको पकड़ा गया और फिर जब पूछताछ की गयी तो उसके पास से ये सारी गाड़ियों को जब्त किया गया है.
उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है. पकड़ने वाली टीम में डीएसपी अरविंद कुमार के अलावा सोनारी थाना प्रभारी रेणु गुप्ता, पुलिस पदाधिकारी एमिएल एक्का, अरुण कुमार, सत्यनारायण महतो, प्रमोद कुमार सिंह, हवलदार चोक्रो सिंह और हवलदार शिबू मरांडी, आरक्षी राजेश कुमार, आरक्षी सुरेंद्र नाथ महतो, आरक्षी दिनेश रामा रविदास, आरक्षी सईद सोहेल करीम और मुकेश कुमार शामिल है, जो टाइगर मोबाइल के सिपाही है. पकड़ा गया अपराधी आसानी से अपना मास्टर की के जरिये सारी गाड़ियों को खोल लेता था. बाजार में किस गाड़ी का ज्यादा डिमांड है, उसको ही वह चोरी करता था. उसकी चोरी के तरीके की जानकारी पुलिस को मिली, जिसके बाद उसके पास से चाभियों के गुच्छे को बरामद किया गया है. पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है.














