
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत विद्यापतिनगर के रहने वाले मुकेश कुमार को लिए गए कर्ज को समय पर न चुकाना महंगा पड़ा. रविवार रात कर्ज देने वाले जैप 6 के जवान बैकुंठ शर्मा के पुत्र और उसके एक साथी ने मुकेश कुमार की जमकर पिटाई कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए. इधर घटना के बाद मुकेश ने अपना इलाज एमजीएम अस्पताल में करवाया. इस संबंध में मुकेश ने सिदगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. मुकेश ने बताया कि रविवार रात नौ बजे के आसपास बैकुंठ शर्मा का पुत्र अपने एक साथी अंकित के साथ उनके घर पहुंचा और कर्ज में दिए गए 20 हजार रुपये वापस दने की मांग की. पैसे देने में असमर्थ होने की बात कहने पर मुकेश से दोनों ने गाली गलौज शुरू कर दी. इस घटना की जानकारी देने के लिए जब वह बैकुंठ शर्मा के घर पहुंचा तो वहां उसकी पिटाई कर दी गई. किसी तरह वह वहां से अपनी जान बचाकर थाना पहुंचा और घटना की जानकारी दी. मुकेश के अनुसार समय-समय पर वह ब्याज का पैसा बैकुंठ शर्मा को चुकाता है फिर भी वह और उसके पुत्र दबंगई दिखाकर गाली गलौज करते है. इधर, पड़ोस में रहने वाले वीरेंदर गिरी ने बताया कि उन्होंने पचास हजार रूपये बैकुंठ शर्मा से कर्ज लिया था, इसके बदले वह अब तक ब्याज में 70 हजार रुपये दे चुके है. लेकिन फिर भी उसे तंग किया जाता है.





