
आदित्यपुर : सरायकेला जिला के आदित्यपुर के इस टाइप में कुछ दिनों पूर्व अपराधियों का निशाना बने कारोबारी सुजय नंदी पर गोली चलाने समेत विभिन्न मामलों में जेल में बंद कुख्यात अपराधकर्मी कृष्णा गोप द्वारा गवाहों को धमकी तथा हत्या कराने की बात सामने आई है. इस घटना में गवाहों को सुरक्षा देने में सवालों के घेरे में फंसी सरायकेला पुलिस एक बार फिर कटघरे में है. वर्ष 2019 में गम्हरिया थाना अंतर्गत हुए हत्या के एक मामले में जेल में बंद अपराधी द्वारा गवाहों को धमकाने का मामला सामने आया है. इसको लेकर गवाह पक्ष द्वारा सरायकेला सिविल कोर्ट के अभियोजन कार्यालय में गुहार लगाई गई है. जिसके आलोक में अपर लोक अभियोजक राजीव कुमार ने गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर पुलिस को निर्देश दिया है. साथ ही जेल से अपराधियों द्वारा गवाहों को धमकी दिए जाने के मामले पर चिंता भी व्यक्त की है. ऐसे में अब देखना ये दिलचस्प होगा कि इस नए मामले में जिला पुलिस कितनी चौकसी बरत पाती है.




