
जमशेदपुर : जमशेदपुर में गोलमुरी स्थित नामदा बस्ती ए ब्लॉक में दो पक्ष आपस में भिड़ गए. घटना शुक्रवार शाम की है. इस मामले में दोनों पक्ष की ओर से गोलमुरी थाना में मामला दर्ज कराया गया है. एक पक्ष से मंजीत कौर ने प्रताप सिंह, सूरज सिंह, बब्बे सिंह, रोहन सिंह और अन्य चार पांच पर घर में घुसकर गाली गलौज करते हुए मारपीट करना और पथराव करने का आरोप लगाया है वहीं दूसरे पक्ष की ओर से प्रीति कौर ने भगत सिंह, बाबू सिंह, राज सिंह, प्रेम सिंह पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
धतकीडीह मैदान से कैमरा छिनतई करने के मामले में पुलिस ने एक को हिरासत में लिया
बिस्टुपुर थाना अंतर्गत धतकीडीह मैदान से बीते दिनों छोटू बच्चा ने एक युवक से कैमरा की छिनतई कर ली थी. इस मामले में पुलिस ने छोटू बच्चा को हिरासत में लिया है. पुलिस छोटू बच्चा को थाने में रखकर पूछताछ कर रही है, हालांकि बिष्टुपुर थाना प्रभारी विष्णु राउत ने छोटू बच्चा को हिरासत में लेने से इन्कार किया है. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
घटना के चार दिन बाद भी हत्या का आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
आजादनगर थाना क्षेत्र के नूर कालोनी में शबानुल हक उर्फ दानिश के हत्या मामले में चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक हत्यारे तक नहीं पहुंच पाई है, जबकि इस मामले में मृतक के पिता इनामुल हक ने डाबर, बब्लू औऱ हरिचरण सिंह पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है. इस मामले में पुलिस तीन लोगों को हिरासत में भी ले चुकी है. मामले में मुख्य आरोपी डाबर अब तक फरार है. बता दें कि मंगलवार को दानिश नमाज पढ़कर अपने घर लौट रहा था. रास्ते में ही घात लगाए बैठे दो अपराधियों ने उस पर फायरिंग कर दी. घटना के बाद उसे इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था.







