
आदित्यपुर : सरायकेला- खरसावां पुलिस ने एक नाबालिग युवती के अपहरण का प्रयास विफल करते हुए युवती को सकुशल बरामद करते हुए परिजनों को सौंप दिया है. मामला जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र का है. बताया जाता है कि आरआईटी थाना क्षेत्र के मिरुडीह की एक नाबालिग युवती को कुछ युवक अपहरण की नियत से जबरन घर से उठा ले गए थे. जिसकी सूचना परिजनों ने आरआईटी थाना पुलिस को दी. जिसके बाद जिले के एसपी ने मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए एसडीपीओ राकेश रंजन के नेतृत्व में एक टीम गठित करते हुए युवती के सकुशल बरामदगी का निर्देश दिया. उधर तत्काल एसडीपीओ ने आरआईटी थाना पुलिस के सहयोग से युवती को खरकाई नदी के किनारे स्थित एक मकान से सकुशल बरामद कर लिया और परिजनों को सौंप दिया. एसडीपीओ राकेश रंजन ने बताया, कि अपहर्ताओं की पहचान कर ली गई है जिसके खिलाफ छापेमारी की जा रही है. उन्होंने युवती के सकुशल बरामदगी में शामिल सभी पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कार देने की अनुशंसा किए जाने की बात कही है. फिलहाल पुलिस अपहर्ताओं की तलाश में छापेमारी कर रही है. वैसे सरायकेला- खरसावां पुलिस की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी होने से बच गई.












