
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कैलाश नगर से असम की गुवाहाटी क्राइम ब्रांच की टीम ने कमेश पाल को गिरफ्तार किया है. क्राइम ब्रांच की टीम ने कमेश को गिरफ्तार कर मेडिकल करवाने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया औऱ फिर अपने साथ असम ले गई. कमेश पर असम के गुवाहाटी में मेडिकल स्टूडेंट से ठगी करने का मामला दर्ज किया गया है. ठगी के रुपयों को गुवाहाटी के एसबीआई बैंक के खाते में ट्रांस्फर किए गए है जो कि कमेश पाल के मोबाइल नंबर से लिंक्ड है. पुलिस ने उसे मोबाइल के लोकेशन से खोज निकाला. फिलहाल, पुलिस उससे पुछताछ करेगी. गोविंदपुर की कंपनी स्टील स्ट्रीप्स में ठेका मजदूरी में काम करने वाला कमेश पाल मूल रुप से गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र का रहने वाला है. उसका खाता कांडी के ही एसबीआइ बैंक में था. कुछ दिनों बाद खाते को एसबीआइ योनो एप की मदद से असम के गुवाहाटी में ट्रांस्फर कर लिया गया था. बाद में देश भर में एनइइटी की परीक्षा में पास करने वालों को गुआहाटी मेडिकल कॉलेज में एडमिशन कराने के लिए नंबर बढ़ाने के नाम पर करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन किए गए थे. इन रुपयों को कमेश के ही खाते में ट्रांस्फर किया गया था. यह राशि लगभग तीन करोड़ की थी. जांच में गुवाहाटी क्राइम ब्रांच की टीम ने पाया कि जिस खाते में रुपये ट्रांस्फर किए गए है उसे कमेश के नंबर से ही खोला गया है. सूचना मिलने पर टीम ने नंबर को ट्रेस किया औऱ गुरुवार को ही शहर पहुंच गई थी. टीम ने गोविंदपुर पुलिस से मदद ली औऱ फिर देर रात कमेश को गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसके पीछे कमेश का हाथ है या नहीं. इस मामले में छापामारी टीम ने कोई जानकारी देने से इनकार किया.





